


नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का गुरुवार को निधन हो गया। उनके बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी। लोक जनशक्ति पार्टी के 74 वर्षीय संरक्षक पासवान का कुछ दिन पहले एक अस्पताल में हृदय का ऑपरेशन हुआ था। वह पांच दशक से अधिक समय से सक्रिय राजनीति में थे और देश के जाने-माने दलित नेताओं में से एक थे। पासवान उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्री थे।
चिराग पासवान ने ट्वीट कर दी जानकारी
चिराग पासवान ने ट्वीट किया, पापा…अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है, आप जहां भी हैं, हमेशा मेरे साथ हैं। आपक बहुत याद आ रही है पापा। रामविलास पासवान के निधन की खबर सुनते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर छा गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक जताते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदृष्टा नेता खो दिया है।
पीएम मोदी ने रामविलास पासवान के निधन पर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामविलास पासवान के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि दुख बयान करने के लिए शब्द नहीं हैं, हमारे देश में ऐसा शून्य पैदा हुआ है जो शायद कभी नहीं भरेगा। पीएम मोदी ने कहा कि मैंने एक ऐसा मित्र खोया है जो पूरे जुनून के साथ हमेशा यह सुनिश्चित करना चाहता था कि प्रत्येक गरीब व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करे। पीएम मोदी ने कहा कि रामविलास पासवान कड़ी मेहनत के बल पर राजनीति में ऊपर आए थे, आपातकाल के दौरान उन्होंने निरंकुशता और हमारे लोकतंत्र पर प्रहार का विरोध किया था।