


बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए झगड़े में घायल युवक ने यहां पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में दम तोड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजन गंगाशहर थाने पहुंच गए हैं, जहां हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उधर आक्रोशित हुए मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर धरना लगा दिया। गंगाशहर में गुरुवार रात करीब एक बजे दो गुटों में झगड़ा हो गया था। इस दौरान एक युवक विक्रम को लाठी व सरियों से जमकर पीटा गया। उसे घायल अवस्था में पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पर भर्ती कराया गया। यहां शुक्रवार सुबह इस युवक ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थी। उसकी मृत्यु के साथ ही यह हत्या का मामला हो गया है। गंगाशहर थाना प्रभारी राणीदान चारण ने बताया कि देर रात हुए झगड़े के बाद युवक की मौत हो गई है। अभी यह पता लगाया जा रहा है कि किन कारणों से झगड़ा हुआ और किन लोगों ने विक्रम पर हमला किया था।