


बीकानेर। बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले केजैतसर के एक सरकारी स्कूल में बने रावण का दहन कुछ अंजान लोगों एक दिन पहले कर दिया और फरार हो गए। इसकी सूचना मिली तब सेवादार व मौके पर पहुंचे तो पुतला जल चुका था। इस संबंध में दशहरा कमेटी के सदस्यों को सूचना दी गई। वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। अब पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इनसे रावण के पुतले में आग लगाने वालों का पता लगाया जा रहा है। कस्बे में पिछले 58 वर्ष से श्री नेहरू रामलीला नाटक क्लब की ओर से रामलीला और दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। कोराना काल में वर्ष 2020 के बाद नेहरू क्लब ने यहां रामलीला आयोजन नहीं किया। इस दौरान कस्बे में श्रीराम राममलीला नाटक क्लब ने रामलीला मंचन शुरू कर दिया। इस बार नेहरू क्लब ने रामलीला मंचन तो नहीं किया लेकिन उन्होंने दशहरा आयोजन का फैसला किया। इसके लिए रावण का चालीस फुट का पुतला बनवाया। इस पुतले को मंगलवार शाम सरकारी स्कूल के मैदान में खड़ा कर दिया गया। इसमें बुधवार को आतिशबाजी भरी जानी थी। रात को पुतले की सुरक्षा के लिए एक सेवादार को मौके पर छोड़ा गया। सेवादार ने बताया कि वह मौके पर पुतलों से कुछ दूरी पर सोया था। इसी दौरान दो युवकों ने स्कूल की दीवार फांदकर स्कूल में प्रवेश किया। मैदान में पहुंचकर रावण के पुतले में आग लगा दी। आग लगते ही पास सोए सेवादार की आंख खुल गई। उसने भागकर दोनों आग लगाने वालों को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वे दीवार फांदकर फरार हो गए। सेवादार ने इसकी सूचना नेहरू क्लब के पदाधिकारियों को दी। ये लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस अब आसपास के सीसी टीवी कैमरे खंगालकर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। देर रात पुतले फिर से तैयार करने की कार्रवाई शुरू की गई। मौके पर टेलर को बुलाकर कपड़े से पुतले के जलने से बचे ढांचे को ढकवाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे कि शाम को रावण दहन किया जा सके। बुधवार सुबह करीब नौ बजे तक पुतले का काफी हिस्सा फिर से तैयार कर दिया गया था। उल्लेखनीय है कि इस साल दशहरे का अन्य आयोजन कस्बे में श्री राम रामलीला नाटक क्लब की ओर से शहर की इंद्र कॉलोनी में किया जाना है। उसके लिए भी चालीस फुट का रावण का पुतला तैयार किया गया है। इसे इंद्र कॉलोनी में स्थापित किया गया है। इस पुतले का दहन बुधवार शाम किया जाएगा।