


बीकानेर। विवेकानंद केंद्र विद्यालय ऋषभदेव का इंस्पायर 2022 वार्षिक उत्सव कार्यक्रम विद्यालय प्रांगण में हर्षोल्लास पूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। कक्षा नर्सरी से दूसरी तक के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक संध्या के तहत शाम को 6 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक रंगारंग मनमोहक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में अभिभावकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ बालकों के मनोबल को बढ़ाया। इस बार के कार्यक्रम की थीम यूएनओ द्वारा निर्धारित 17 एसडीजी पर आधारित कार्यक्रमों की भरमार रही। कार्यक्रम बहुत ही शिक्षाप्रद एवं समाज राष्ट्र एवं संपूर्ण विश्व को एक नवीन संदेश और चुनौतियों से डटकर मुकाबला करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सतीश भाणावत एवं विशिष्ट अतिथि के.बी. खटोड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, आरएसडब्ल्यूएम ऋषभदेव, विद्यालय प्रबंध समिति सदस्य एम.एस. मणिलाल, अशोक सोडाणी एवं कवि उपेंद्र अणु थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डीके गुप्ता ने की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डीके गुप्ता ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया उन्होंने वर्ष पर्यंत विद्यालय होने वाली शैक्षिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों के बारे में बताकर विद्यालय में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धि एवं संस्थान की आगामी योजना के बारे में बताया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के.बी.खटोड़ ने विद्यालय के 27 वर्षों की विकास यात्रा के बारे में बताते हुए विद्यालय की उपलब्धियों के बारे में बताया। यह विद्यालय जिला, राज्य और विश्व पटल पर एक अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है, विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ सह शैक्षणिक गतिविधियों में सफलता के परचम लहराए हैं। उन्होंने इंस्पायर 2022 कार्यक्रम में यूएनओ की 17 एसडीजी पर आधारित कार्यक्रम की प्रशंसा की एवं सफल आयोजन के लिए छात्रों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के संस्थापक एलएनजे बाबू एवं सभी प्रधानाचार्य को भी स्मरण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सतीश भाणावत ने अपने उद्बोधन में यू एन ओ की थीम पर आधारित इंस्पायर 2022 कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की। बालकों के शिक्षाप्रद और प्रेरणास्पद कार्यक्रम के माध्यम से वार्षिक उत्सव मनाने एवं विद्यार्थियों में बचपन से ही शिक्षा के साथ संस्कार, अच्छे गुणों का सिंचन कर राष्ट्र निर्माण में महती भूमिका विद्यालय द्वारा निर्वहन की जा रही है जो संपूर्ण समाज, राष्ट्र और विश्व में शांति, सद्भाव और समरसता के वातावरण का निर्माण करेगी। विश्व के समक्ष 2030 में आने वाली चुनौतियों एवं 17 एसडीजी को अपनाकर विश्व कल्याण हम सभी सजग राष्ट्र के नागरिक के रूप में अपनी भूमिका अदा कर सकते हैं। जया नायर ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन दीया कोठारी, लेखनी जैन और नेहल जैन ने किया।