


नई दिल्ली। दिल्ली में निक्की यादव हत्या केस में अब बड़े खुलासे हो रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 9 फरवरी की शाम को शादी को लेकर निक्की और साहिल गहलोत का कार में झगड़ा हुआ था। बात इतनी बिगड़ गई की गुस्साए साहिल ने कश्मीरी गेट स्थित आईएसबीटी पर मोबाइल चार्जर की केबल (तार) से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद 35 किमी दूर मित्रांव गांव पहुंचा। साहिल ने यहां अपने ढाबे के फ्रिज में निक्की का शव छिपा दिया। साहिल निक्की की लाश को ठिकाने लगा पाता इससे पहले ही किसी ने पुलिस को खबर कर दी। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच के सतीश कुमार ने बताया कि साहिल की शादी परिवार ने कहीं और तय कर दी थी। 10 फरवरी को शादी थी। यह बात निक्की को 9 फरवरी को पता चली। इसी दिन दोनों ने गोवा जाने का प्लान बनाया था। लेकिन साहिल ने जाने से इनकार कर दिया। फिर दोनों को झगड़ा हुआ। इसके बाद शाम को साहिल ने निक्की को बुलाया और दोनों कार से घूमने निकल गए। दोनों कश्मीरी गेट के पास पहुंचे। यहां फिर से उनका झगड़ा हुआ और गुस्साए साहिल ने कार में ही मोबाइल केबल से निक्की का गला घोंट दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद साहिल निक्की की लाश को लेकर दिल्ली की सडक़ों पर घूमता रहा है। फिर वह नजफगढ़ होते हुए अपने गांव मित्रांव गांव पहुंचा। यहां की दूरी करीब 35 किमी है। साहिल ने लाश यहां अपने ढाबा के फ्रिज में छुपा दी और घर चला गया। इसके बाद घरवालों के कहने पर 10 फरवरी को दूसरी लडक़ी से शादी कर ली। साहिल ने उस वक्त फंस गया, जब किसी ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने साहिल के ढाबे के फ्रिज से निक्की की लाश बरामद कर ली। साहिल का ढाबा गांव वाले घर से 700 मीटर की दूरी पर है। सूत्रों के मुताबिक, शादी के बाद वह लाश को ठिकाने लगाने वाला था, लेकिन पकड़ा गया।