


बीकानेर। एक महिला को बेहोश कर ट्रेन में सैंकड़ों किलोमीटर दूर से लाकर उसको महज 40 हजार रुपये में बेच दिया गया। यह महिला मंगलवार को बदहवास स्थिति में मिली। जब महिला से पुलिस ने पूछताछ की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। दरअसल, यह महिला सूरजगढ़ झुंझुनूं के गांधी चौक में बदहवास स्थिति में मिली। इसको 1972 किलोमीटर दूर असम के गुवाहाटी से बेहोश कर ट्रेन में लाया गया और बताया जा रहा है कि सूरजगढ़ के किसी व्यक्ति को 40 हजार रुपए में बेच दिया गया। 35 साल की असमिया महिला ने गाउन पहन रखा था। महिला असमिया-बंगाली बोल रही थी। वह चोट के निशान दिखाते हुए इशारों में बता रही थी कि उसे मारा-पीटा गया है। पुलिस ने दुभाषिए तपनसेन को बुलाया। जो कि सूरजगढ़ में ही रहता है। इसने महिला से बंगाली में बात की। दुभाषिए के मुताबिक महिला असम के गुवाहाटी में हवाईपुर की रहने वाली है। वह रोजाना हवाईपुर से आलोकबाड़ी ट्रेन से काम पर जाती थी। आलोकबाड़ी में वह एक दवा कंपनी में पैंकिग का काम करती थी। 8 अगस्त को महिला रोजाना की तरह ट्रेन से काम पर जा रही थी, इस दौरान ट्रेन में एक यात्री मिला। इसने महिला को झांसा दिया और बेहोश कर दिल्ली ले आया। दिल्ली में उसके साथ दो अन्य व्यक्ति थे। कुछ दिन उसे दिल्ली में रखा गया। इसके बाद झुंझुनूं निवासी मुमताज खान को 40 हजार रुपए में बेच दिया। मुमताज खान ने महिला को उसके गांव (हवाईपुर) भेजने का वादा किया और दो दिन पहले रविवार को दिल्ली से सूरजगढ़ ले आया। उसने महिला को मकान में बंधक रखा। सोमवार रात मुमताज खान ने शराब पी और महिला को भी जबरन शराब पिलाने की कोशिश की। विरोध किया तो उसे मारा पीटा और दुष्कर्म किया। वह महिला को सूरजगढ़ फाटक ले गया। महिला किसी तरह वहां से बचकर भागी। तब से लावारिस घूम रही है।