


नसबंदी ऑपरेशन में लापरवाही पड़ी भारी, नस कटने से महिला की तबियत बिगड़ी
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में भर्ती महिला के परिजनों को यह पता नही था कि नसबंदी का ऑपरेशन के बाद उसकी जान पर बन आएगी। दरअसल भोलासर निवासी अन्नू कंवर पत्नी धन्ने सिंह ने 27 जून को हदां गांव में आयोजित नसबंदी शिविर में आपरेशन करवाया था। आपरेशन के बाद से ही वो बीमार रहने लगी। इसके बाद परिजन उसे हदां सीएचसी चेक अप करवाने के लिए ले गए जहां से महिला को बीकानेर रेफर कर दिया। महिला को सर्जरी विभाग में चैकिंग करवाने पर पता चला कि उसकी आंत फटी हुई है।उसे तुरंत आंत का आपरेशन करवाने की सलाह दी गई। पीबीएम अस्पताल में महिला का आपरेशन कर शौच का रास्ता पेट से निकाला गया है। फिलहाल महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रैफर किया गया है। जहां एक निजी अस्पताल में पिछले तीन दिनों से भर्ती महिला की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। महिला के परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों की लापरवाही से महिला की स्थिति बिगड़ गई। फिलहाल चिकित्सा विभाग ने इस मामले को लेकर एक टीम बनाई है जो पूरे मामले की जांच कर रही है।