
बीकानेर। शहर के जयनारायण व्यास कॉलोनी क्षेत्र में जयपुर रोड पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और अनियंत्रित फॉर्च्यूनर ने सड़क पर जा रहे स्कूटी चालक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के दो टुकड़े हो गए। इसके बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क पर चार से पांच बार पलट गई। हादसे में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल स्कूटी चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










