बीकानेर। जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने कैफिनेटेड बेवरेज के खिलाफ विशेष अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। कानासर रोड स्थित करनी औद्योगिक क्षेत्र में मैसर्स श्री विनायक एंटरप्राइजेज पर निरीक्षण के दौरान ‘कैंपा एनर्जी’ पेय का नमूना जांच के लिए लिया गया, जबकि मौके पर मौजूद 35,936 कैन एहतियातन सीज कर दिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI Act) के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार कैफिनेटेड बेवरेज के लेबल पर “स्टिमुलेट्स माइंड”, “एनर्जाइज़ बॉडी”, “एनर्जी ड्रिंक” और “स्पोर्ट्स ड्रिंक” जैसे दावे भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आते हैं। इसी संबंध में एफएसएसएआई ने देश के प्रमुख बेवरेज ब्रांडों से भी स्पष्टीकरण मांगा है।
डॉ. साध ने बताया कि अधिक कैफीन वाले पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों और कैफीन के प्रति संवेदनशील लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लिए गए नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, बीकानेर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार और राकेश गोदारा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।








