बीकानेर। शहर में 37 लाख रुपये की संपत्ति को लेकर कथित फर्जी वसीयत तैयार कर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। एसीजेएम-2 न्यायालय के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने एक महिला सहित छह नामजद एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी श्रीगंगानगर के पदमपुर निवासी सुरेन्द्र कुमार ने न्यायालय में प्रस्तुत इस्तगासे में बताया कि उन्होंने अपने साथी राधेश्याम के साथ चौतीना कुआं स्थित 715 वर्गफीट की संपत्ति 7 मार्च 2025 को 37 लाख रुपये में पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी थी। यह संपत्ति पुष्पा देवी से खरीदी गई, जिन्हें उनके दिवंगत पति मुरली मनोहर पांडे की पंजीकृत वसीयत के आधार पर स्वामित्व प्राप्त हुआ था। शिकायत के अनुसार, बाद में मंजू पांडे ने उसी संपत्ति पर दावा करते हुए 9 मार्च 2007 की एक कथित वसीयत न्यायालय में पेश की। परिवादी का आरोप है कि यह वसीयत फर्जी एवं कूटरचित है। दावा किया गया है कि उक्त वसीयत न तो पंजीकृत है और न ही उसकी मूल प्रति न्यायालय में प्रस्तुत की गई है। परिवादी ने आरोप लगाया कि संपत्ति हड़पने की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका उपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले सदर थाना और पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









