बीकानेर। गजनेर क्षेत्र के चानी गांव में देर रात एक इलेक्ट्रिकल दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि दुकान का मुख्य काउंटर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए। दुकान संचालक राजकुमार शर्मा के अनुसार वह शाम को दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच दुकान में आग लग गई। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग से हुए नुकसान को देखकर दुकान संचालक और ग्रामीणों में चिंता का माहौल रहा। घटना के बाद ग्रामीणों ने दुकान के समीप से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि ओमप्रकाश पंवार सहित ग्रामीणों का कहना है कि इस हाई वोल्टेज लाइन को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के लिए बिजली विभाग को कई बार लिखित में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।








