बीकानेर। उदयरामसर बायपास पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा जोधपुर हाईवे पर पलाना और उदयरामसर के बीच उदयरामसर प्याऊ के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्वरूपदेसर निवासी तोलाराम (21), महेंद्र (25) और चंदाराम (23) के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी है और बाइक को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
एम्बुलेंस की देरी पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
हादसे की सूचना मिलने पर देर रात भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि समय पर सूचना दिए जाने के बावजूद चिकित्सा सहायता पहुंचने में देरी हुई। पंचारिया ने देर रात कई अधिकारियों से फोन पर बात कर अपनी नाराजगी जताई और गंभीर सड़क हादसों में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।








