बीकानेर, 19 सितंबर। बीकानेर के बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने मेसर्स रस रसना फूड प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण करते हुए रसगुल्ला और गुलाब जामुन के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान मौके पर उपलब्ध कुल 1132 किलोग्राम रसगुल्ला एवं गुलाब जामुन को सीज कर दिया गया। इसके साथ ही निरीक्षण में सामने आई कमियों को लेकर फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानू प्रताप सिंह एवं सुरेंद्र कुमार द्वारा की गई।







