


बीकानेर। एक महिला की फर्जी आईडी बनाकर अश्लील वीडियो वायरल करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर पीडि़त महिला ने पंजाब निवासी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। यह मामला बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कीकरचक का है । महिला का कहना है कि आरोपी महिला पंजाब के मलोट की रहने वाली है। दोनों के बीच परिचय है। पांच दिन पहले उसे इंस्ट्राग्राम पर अपनी फेक आइडी मिली। इसे जांचा तो इस पर अश्लील वीडियो मिले। पड़ताल करने पर ये वीडियो पंजाब के मलोट जिले की एक महिला के वायरल करने का पता लगा। इस पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया गया। लालगढ़ जाटान पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीडित महिला का पति एनडीपीएस के एक मामले में इन दिनों जेल में है। आरोपी महिला उसके पति के साथ कुछ समय पहले रिलेशनशिप में रही है। ऐसे में दोनों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा है। मामले की जांच सादुलशहर सीआई रघुवीरसिंह बीका को दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों से मामले के संबंध में जानकारियां जुटा रही है। संबंधित इंस्टाग्राम आइडी बनाने वाले के बारे में पता किया जा रहा है।