


बीकानेर। घर में पानी का कनेक्शन करने के लिए चल काम के दौरान मिट्टी धसने से दो मजदूर दब गए। पुलिस व नगरपालिका प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू के जरिए मजदूरों को बाहर निकाला। उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया गया। यह मामला बीकानेर संभाग के चूरू जिले के रतनगढ़ तहसील के वार्ड नं. 17 का है। जानकारी के मुताबिक वार्ड 17 में ठेकेदार के 2 कर्मचारी विष्णु और इंद्रेश पाइप लाइन को खोदकर कनेक्शन करने के लिए आए। करीब 15 फीट तक की खुदाई के बाद भी उन्हें पाइप लाइन नहीं दिखी। इसी दौरान ऊपर से मिट्टी धंस गई। जिसमें इंद्रेश मिट्टी के नीचे दब गया। विष्णु ने आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना पुलिस और पालिका प्रशासन को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पालिका प्रशासन के पास जेसीबी का ऑपरेटर नहीं मिला। जिस पर सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम बबेरवाल अपनी जेसीबी और एक अन्य ऑपरेटर को लेकर मौके पर पहुंचे। जिसके बाद दो जेसीबी के सहारे खुदाई का कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मजदूर का पता चला। जिस पर कांग्रेस नेता राईका और मोहल्ले का एक अन्य व्यक्ति गड्ढे में गए। हाथों से मिट्टी को खोदकर मजदूर को बाहर निकाला। वहीं मौके पर खड़ी एम्बुलेंस की सहायता से मजदूर को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मृतक इंद्रेश दौसा जिले के नायड़ा गांव का रहने वाला था।