


बीकानेर। राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक प्रतियोगिता में 13 साल की छात्रा कबड्डी खेलते-खेलते मैदान पर गश खाकर गिर गई। उसको अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दरअसल, मामला चूरू के रतनगढ़ का है। जहां ब्लॉक स्तरीय मुकाबले खेले जा रहे थे। मैच सुबह 8 बजे शुरू होने थे, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते 10.30 बजे शुरू हुए थे। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) जगबीर सिंह यादव ने बताया कि मुकाबले रमा ज्ञान भवन के खेल मैदान में चल रहे थे। सुबह 10.30 बजे आलसर-बछरारा महिला कबड्डी का मुकाबला शुरू हुआ था। आलसर की एक छात्रा रेड डालने गई कि पीछे से उसी की टीम की मानवी स्वामी पुत्री प्रेम कुमार स्वामी खड़ी-खड़ी गिर गई। टीचर उसे सरकारी जालान अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।