


बीकानेर। जेल के नियमों का पालन करवाने की बात को लेकर महिला बंदी व पुलिसकर्मी के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान महिला बंदी ने राजकार्य में बाधा डालते हुए ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। जेल में तैनात अन्य महिला पुलिसकर्मियों ने सहयोग कर बंदी पर काबू पाया। इस पर महिला पुलिसकर्मी ने बंदी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। यह मामला बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित केन्द्रीय कारागाह का है। जानकारी के अनुसार महिला गार्ड ने रिपोर्ट में बताया कि महिला सुधार गृह में खाजूवाला के छह पीएचएम निवासी पुष्पा देवी पत्नी श्याम सुंदर कुम्हार विचाराधीन बंदी के रूप में रहती है। उस पर चल रहा मामला अभी अदालत में विचाराधीन है। ऐसे में उसे महिला सुधार गृह में रखा गया है। इस बीच रविवार को मनीषा ड्यूटी पर तैनात थी। तब पुष्पा दिशा-निर्देशों का पालन नहीं कर रही थी। उसने सरकारी काम में बाधा डालने का प्रयास किया। रोकने पर पुष्पा ने मनीषा जाट के साथ मारपीट की। बाद में अन्य महिला गार्ड ने मिलकर उसे काबू किया। मनीषा जाट की रिपोर्ट पर बीछवाल पुलिस थाने में मामला दर्ज हो गया है। अब पुष्पा के खिलाफ राज कार्य में बाधा डालने का नया मामला चलेगा। इसमें दोषी पाये जाने पर जेल से ही गिरफ्तार किया जा सकता है।