


बीकानेर। पांच साल के अफेयर के बाद प्रेमी जोड़े ने घर से भागकर लव मैरिज कर ली तो घर वालों ने गोली मार देने की धमकी दे डाली। इसको लेकर प्रेमी जोड़े ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। दरअसल, मामला चूरू जिले का है। जहां लडक़ी व लडक़े दोनों के परिजनों की ओर से लगातार धमकियां मिल रही है। ये प्रेमी जोड़ा चूरू की वार्ड 42 निवासी सुशीला कंवर (22) तथा कलोठा निवासी उदय सिंह (24) है। इन दोनों का पांच साल से अफेयर चल रहा था। उदय सिंह से उसकी जान पहचान ननिहाल में उस वक्त हुई थी जब वह वहां एक शादी समारोह में आया था। उसके बाद दोनों की मुलाकातें होने लगी। मोबाइल पर बातें होने लगी और प्यार का सिलसिला चल पड़ा। इस बीच उसने अपने परिजनों के सामने उदय सिंह के साथ शादी करने की मंशा जता दी थी। बकौल सुशीला उसके परिजनों ने इस पर कोई आपत्ति नहीं की और उदय सिंह के साथ उसकी सगाई कर दी गई। सुशीला ने आरोप लगाया कि उसकी मामी को यह रिश्ता रास नहीं आया। और उन्होंने सगाई तुड़वा दी। इसके बाद अब उसके परिजनों ने श्रीडूंगरगढ़ में उसके रिश्ते की बात चलाना शुरू कर दिया। सुशीला ने अपने घर वालों को इस रिश्ते से इंकार कर दिया लेकिन नौबत सगाई तक पहुंच गई। सगाई की बात आगे बढ़ती देखकर सुशीला ने बीते 2 अगस्त को उदय सिंह के साथ अपना घर छोड़ दिया। दोनों गुजरात चले गए और वहां 4 अगस्त को वहां लव मैरिज कर ली। परिजनों को जब इस रिश्ते के बारे में पता चला तो उन्होंने दोनों को गोली से उड़ा देने की धमकी दे डाली।