


बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के मोमासर बास में गुरुवार दोपहर एक घर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर का पाइप लीकेज हो गया। इससे उसमें आग लग गई। आग लगने के कारण रसोई में खाना बना रही भागीरथ वाल्मीकि की 30 वर्षीय पत्नी चंदा उसकी चपेट में आ गई। कपड़ों में आग लगने से वह बुरी तरह से झुलस गई। महिला के कपड़े जलकर उसके शरीर से चिपक गए थे। परिजनों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। उसे एक निजी अस्पताल इलाज के लिए लेकर पहुंचे जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए बीकानेर रेफर कर दिया। बीकानेर में इलाज के दौरान शुक्रवार को महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।