


बीकानेर। हाईवे पर देर रात बाइक पर सवार दो पुलिसकर्मियों को कार चालक ने लापरवाही से चलाकर टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया। यह घटना गंगाशहर थाना क्षेत्र स्थित जैन कॉलेज के पास की है। इस संबंध में पुलिसकर्मी के छोटे भाई शाहरूख कयुम ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार रिपोर्ट में बताया है कि जुबेर खान जो नयाशहर पुलिस थाने में कॉस्टेबल व सुशील कुमार जो श्रीडूंगरगढ़ थाने में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। वह दोनों गत 21 दिसम्बर रात्रि 11 बजे घर जा रहे थे। इस दौरान नोखा रोड स्थित जैन कॉलेज के पास एक सफेद रंग की बेलेनो कार ने लापरवाही से चलाकर बाइक को टक्कर मारी। जिससे इस हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका उपचार चल रहा है। इस पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक महावीर प्रताप सिंह कर रहे है।