


बीकानेर। देर रात हुए सड़क हादसे के बाद रातभर युवक सड़क पर तड़पता रहा लेकिन किसी ने भी सुध नहीं ली। सुबह सवेरे मार्निंग वॉक जा रहे बच्चों ने घायलावस्था में देखा तो पुलिस को सूचित किया। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल में भर्ती करवाया। यह हादसा बीकानेर संभाग के चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र में नवोदय स्कूल के सामने का है। युवक की जेब में रखे मोबाइल पर उसके जीजा का फोन आया। तब पुलिस ने हादसे की जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे,जहां से घायल को बीकानेर रेफर किया गया। एएसआई लक्ष्मण सिंह ने बताया कि घायल भांगवा भादरा हनुमानगढ़ निवासी सतवीर जाट (28) घायल अवस्था नवोदय विद्यालय के सामने पड़ा था। सुबह बच्चों ने घायल को देखकर सूचना दी। जिसके बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से बीकानेर रेफर कर दिया। घायल के जीजा राजेश ने पुलिस को बताया कि उसका साला एलर्जी की दवाई लेने बाइक से सरदारशहर आया था। दवाई लेकर वापस गांव लौट रहा था। सुबह उसके मोबाइल पर फोन किया तो हादसे की जानकारी मिली। फिलहाल परिजनों ने मामला दर्ज नहीं कराया है।