


बीकानेर। लूणकरणसर के राजासर भाटियान की रोही में एक शिकारी ने हिरण मारा और फिर उसका मांस बेचने लगा। वन विभाग की टीम ने उसे दबोच लिया। बीरबलराम बावरी रात को मोतीगढ़ से ऊंटगाड़े पर राजासर भाटियान की रोही में पहुंचा और वहां हिरण का शिकार किया। हिरण मारने के बाद वहीं डेरा डाल लिया। इस दौरान जीव प्रमियों को पता चला तो उन्होंने वन विभाग को इत्तला दी। रात करीब एक बजे मांस खरीदने के लिए बोगस ग्राहक भेजा गया। बीरबलराम मांस बेचने के लिए तराजु निकाला और वन विभाग की टीम ने उसे दबोच लिया। मौके से मांस और तराजु बरामद कर लिया। कार्यवाहक रेंजर पूरणमल गोदारा ने बताया कि अभियुक्त बीरबलराम ने अपने पालतू कुत्ते के जरिये हिरण को मारा। शिकार के बाद हिरण की खाल उतारकर फेंक दी जो बरामद नहीं हुई है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।जीव रक्षा संस्था के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि बीरबलराम ने गोली मारकर हिरण का शिकार किया है। जबकि, कार्यवाहक रेंजर का कहना है कि पालतू कुत्ते के जरिये हिरण मारा गया है। जीव रक्षा संस्था के अध्यक्ष मोखराम बिश्नोई और लूणकरणसर प्रभारी प्रेमकुमार बिश्नोई ने हिरण शिकार पर रोष जताया है। पदाधिकारियों का आरोप है कि हिरण शिकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन वन विभाग की ढिलाई के कारण इन पर रोक नहीं लग पा रही और शिकारी बेखौफ हैं।