नहीं रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

Congress veteran Ahmed Patel no more, breathed his last at Medanta Hospital in Gurugram
Spread the love

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार को तड़के निधन हो गया। 71 वर्षीय पटेल के पुत्र फैजल ने अपने पिता के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि पटेल ने तड़के करीब तीन बज कर 30 मिनट पर अंतिम सांस ली। कोरोना वायरस से संक्रमित पटेल पिछले करीब एक माह से गुरूग्राम के अस्पताल में भर्ती थे और उनके स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं बढ़ गई थीं।
विभिन्न नेताओं ने किया पटेल के निधन पर शोक व्यक्त
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक पटेल उनके राजनीतिक सलाहकार थे। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रहे पटेल पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाने जाते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित विभिन्न नेताओं ने पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सोनिया गांधी ने जताया शोक
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर दुख जताया है। सोनिया गांधी ने कहा है कि उन्होंने एक वफादार सहयोगी, दोस्त खो दिया है। ऐसे साथी को खोया है, जिसने पूरी जिंदगी पार्टी को दी। वहीं सोनिया गांधी फिलहाल स्वास्थ्य कारणों की वजह से गोवा में हैं और ऐसा माना जा रहा है कि सोनिया गांधी अहमद पटेल के अंतिम दर्शन नहीं कर पाएंगी। एक शोक संदेश में उन्होंने कहा कि अहमद पटेल के जाने से मैंने एक ऐसा सहयोगी खो दिया है जिनका पूरी जीवन कांग्रेस पार्टी को समर्पित था।
मोदी ने अहमद पटेल के निधन पर शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। पटेल का बुधवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मोदी ने ट्वीट किया, अहमद पटेल जी के निधन से व्यथित हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में एक लंबा समय बिताया और जन सेवा की। तेज दिमाग के लिए अपनी विशेष पहचान रखने वाले पटेल ने कांग्रेस को मजबूत बनाने में जो भूमिका निभाई उसे हमेशा याद रखा जाएगा। उनके पुत्र फैसल से बात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट की। अहमद भाई की आत्मा को शांति मिले। पटेल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक थे और लंबे समय तक उनके राजनीतिक सलाहकार रहे। उन्हें पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाना जाता था।

Load More Related Articles
Load More By alertbharat
Load More In राष्ट्रीय

Leave a Reply