


नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। 24 मार्च को कैबिनेट मीटिंग में इस पर मुहर लगी। इस फैसले के बाद महंगाई भत्ता ३8 प्रतिशत से बढक़र 42 प्रतिशत हो गया। इसका फायदा 52 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 60 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। बढ़ा महंगाई भत्ता 1 जनवरी, 202३ से मिलेगा। दूसरी ओर केंद्र सरकार के बाद अब राजस्थान सरकार ने भी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (डीए) चार फीसदी बढ़ा दिया है। अब डीए 38 से बढक़र 42 फीसदी हो गया है। वित्त विभाग ने कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रदेश के करीब आठ लाख कर्मचारियों और चार लाख पेंशनर्स को बढ़े हुए डीए का फायदा मिलेगा। बढ़ा हुआ डीए 1 जनवरी से मिलेगा। जनवरी से मार्च तक के तीन महीने का डीए कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा होगा। अप्रैल से बढ़ा हुआ डीए सैलरी के साथ मिलेगा। वर्कचार्ज कर्मचारियों को भी बढ़े हुए डीए का फायदा मिलेगा। बता दें कि हर छह महीने बाद कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए बढ़ाया जाता है। केंद्र सरकार के डीए बढ़ाते ही राज्य सरकार भी डीए बढ़ाती रही है।