ऋषिकेश। उत्तराखंड के ऋषिकेश में व्हीलचेयर पर बैठकर दिव्यांग अभय डोगरा ने 117 मीटर ऊंची बंजी जंप लगाकर लोगों को चौंका दिया। उन्होंने भारत की सबसे ऊंची बंजी जंप को सफलतापूर्वक अंजाम देकर साबित कर दिया कि शारीरिक अक्षमता हौसले के आगे कोई मायने नहीं रखती। उनके कारनामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
एक टीम ने अभय डोगरा की सुरक्षा के लिए विशेष तैयारी की थी। उन्होंने ऊंचाई से छलांग लगाकर आत्मविश्वास और जोश का प्रदर्शन किया। वीडियो पर यूजर्स अलग-अलग कमेंट कर रहे हैं। एक ने लिखा, व्हीलचेयर पर सवार योद्धा ने 117 मीटर ऊंची बंजी जंप कर सपने को हकीकत में बदला। कुछ लोगों ने अभय की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। एक ने लिखा, सिर्फ व्यूज के लिए इतना जोखिम क्यों? एक दूसरे ने कहा, ऐसे स्टंट्स को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। नकारात्मक प्रतिक्रियाओं पर अभय ने जवाब दिया, मैं खुश हूं। इसे करना बहुत अच्छा लगा। ऐसी जंपिंग दोबारा करूंगा।