






नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 31 मई तक के लिए देशव्यापी लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर दी है। लॉकडाउन 4.0 अब 14 दिन का होगा जिसकी अवधि 31 मई तक होगी। लॉकडाउन 4.0 के नियमों का ऐलान थोड़ी देर में किया जाएगा। लॉकडाउन 3.0 की अवधि आज समाप्त होने जा रही है। इससे पहले पंजाब, महाराष्ट्र और तमिलनाडू में 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। अभी कुछ देर में केन्द्र सरकार की ओर से गाइडलाइन जारी की जाएगी। जिसमें कुछ चीजों में छूट की उम्मीद जताई जा रही है।
11 मई को लॉकडाउन बढाने का लिया था निर्णय
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछली बार राष्ट्र के नाम संबोधन में लॉकडाउन-4 का एलान किया था। मोदी ने कहा था कि लॉकडाउन-4 नये नियमों वाला होगा, ये नए रूप रंग का होगा। पीएम मोदी ने 11 मई को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की थी। आर्थिक गतिविधियां कैसे शुरू हों, पीएम मोदी ने राज्यों से सुझाव भी मांगे थे।
राज्य पांबदियों में अधिक छूट दिए जाने के पक्ष में
लॉकडाउन के चौथे चरण में राज्य पांबदियों में अधिक छूट दिए जाने के पक्ष में हैं। राज्यों ने शर्तों के साथ और ट्रेनें चलाने, घरेलू उड़ानें शुरू करने और छोटे कारोबारियों को दुकानें खोलने की छूट देने का प्रस्ताव दिया है। आपको बता दें कि पीएम मोदी ने 24 मार्च को पहली बार 21 दिन के लिए लॉकडाउन की घोषणा की थी। इसके बाद इसे तीन मई तक और फिर 17 मई तक बढ़ा दिया गया था।