


जयपुर। राजस्थान के CM भजनलाल शर्मा की कार का पहिया सड़क किनारे बनी नाली में उतर गया। इसके बाद अधिकारियों ने फौरन दूसरी गाड़ी मंगवाई और सीएम को रवाना किया। सीएम बनने के बाद पहली बार भजनलाल शर्मा मंगलवार को भरतपुर पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। शाम करीब साढ़े सात बजे भरतपुर से अपनी पत्नी गीता शर्मा के साथ यूपी के गोवर्धन जी दर्शन के लिए निकले थे। भरतपुर से गोवर्धन जी के लिए निकले थे गोवर्धन में एंट्री से पहले ही राजस्थान सीमा से लगता हुआ पूछरी का लोठा मंदिर आता है। रात करीब 8 बजकर 15 मिनट पर वो मंदिर पहुंचे। यहां मोड़ते समय कार का पहिया सड़क किनारे नाली में चला गया। उसी साइड में सीएम बैठे थे। जिस तरफ भजनलाल शर्मा बैठे थे, उसी तरफ से गाड़ी का हिस्सा झुक गया और गाड़ी बंद हो गई। डीग एसपी ब्रजेश ज्योति ने बताया- इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई है। सीएम सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरी कार से रवाना कर दिया गया है। दुर्घटनास्थल से दूसरी कार में सवार होकर भजनलाल पत्नी के साथ पूछरी का लोठा में श्रीनाथ जी के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने दाऊजी महाराज मंदिर और गिरीराज तलहटी पर भी पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री बनने से पहले वे यहां हर साल आते रहे हैं। पूछरी का लोठा में वे मूडिया पूनो के पर्व पर वहां प्याऊ लगाते रहे हैं। खुद लोगों को पानी पिलाते थे। यहां सभी मंदिरों के दर्शन के बाद वे पत्नी के साथ रात करीब साढ़े 9 बजे जयपुर के लिए रवाना हुए।