


जैसलमेर। पश्चिमी राजस्थान में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर बसे जैसलमेर जिले में दिल को दहला देने वाली वारदात सामने आयी है। यहां दुबारा शादी से मना करने पर एक विधवा महिला की नाक और जीभ काट दी गई। गंभीर रूप से घायल हुई महिला का जोधपुर में इलाज चल रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पीडि़त महिला के भाई ने उस संबंध में सांकड़ा थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार मामला सांकड़ा थाना क्षेत्र के जगीरों की ढाणी की घटना से जुड़ा है। यहां एक विधवा महिला पर उसके ससुराल पक्ष के लोग अन्य व्यक्ति से शादी करने का दबाव डाल रहे थे। लेकिन महिला इसके लिये राजी नहीं हो रही थी। इस पर गुस्सासे ससुराल वालों ने महिला के नाक और जीभ को काट दिया। महिला को गंभीर हालात में जोधपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी जानू खान को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
6 साल पहले हुई थी महिला की शादी
पुलिस के अनुसार पीडि़ता के भाई जगीरों की ढाणी निवासी बसीर खान की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि उसकी बहन की शादी 6 वर्ष पूर्व जगीरों की ढाणी निवासी कोजे खान के साथ हुई थी। शादी के एक वर्ष बाद कोजे खान की मौत हो गई। इसके बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग ससुराल के अन्य व्यक्ति के साथ शादी के लिए उस पर दबाव डाल रहे थे। लेकिन उसकी बहन इसके लिये मना कर दिया।
मंगलवार को दोपहर में दिया वारदात को अंजाम
मंगलवार को दोपहर 1 बजे दुले खान, इकबाल खान, हासम खान,सलि पत्नी हासम खान, फरूके खान,आम्बे खान, लाडू खान, मनु खान, अनवर खान, सलीम खान, जानू खान, नेमते खान और नेवे खान आदि दो बाइक व 1 ट्रेक्टर में सवार होकर आए। उन्होंने एक राय होकर उसकी बहन पर जानलेवा हमला कर दिया। बाद में धारदार हथियार से उसकी बहन की नाक और जीभ काट दी। हमलावरों ने उसका दाहिना हाथ भी तोड़ दिया। इस दौरान वहां मौजूद बिस्मिल्लाह ने बीच बचाव का प्रयास किया तो उस पर भी हमला करके हाथ तोड़ दिया। घायलों को तत्काल सांकड़ा अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया।