


नई दिल्ली। करवा चौथ इस बार 1 नवंबर को मनाया जाएगा। चतुर्थी तिथि 31 अक्तूबर की रात 09.29 बजे से ही शुरू हो जाएगी और एक नवंबर को रात 9.18 बजे तक रहेगी। यह पर्व चंद्रोदय व्यापिनी चतुर्थी तिथि में मनाया जाता है। ऐसे में इस दिन चंद्रमा भी रात्रि 8.06 बजे पर उदय होगा। इस बार करवा चौथ पर बेहद दुर्लभ योग बन रहे हैं। 1 नवंबर को चन्द्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में होंगे। इसी के साथ मंगल, बुध और सूर्य तुला राशि में हैं। सूर्य और बुध बुधादित्य योग बना रहे हैं तो मंगल और सूर्य मिलकर मंगलादित्य योग बना रहे हैं। शनि भी 30 साल बाद अपनी मूलत्रिकोण राशि कुंभ में शश योग बना रहे हैं। इस दिन शिवयोग मृगशिरा नक्षत्र और बुधादित्य योग का संगम रहेगा। शिव योग शिव को समर्पित, मृगशिरा नक्षत्र मंगल को समर्पित, बुधादित्य योग यश और ज्ञान का प्रतीक माना गया है। इन योगों से पर्व का महत्व हजारों गुना बढ़ गया है। इन सभी शुभ संयोगों के बीच कुछ ऐसी राशियां हैं जिनके जातकों की किस्मत चमकने वाली है। न सिर्फ इनके दाम्पत्य जीवन में प्रेम और खुशहाली बढ़ेगी बल्कि मां लक्ष्मी की कृपा से इन्हें धन दौलत भी खूब मिलेगी।