बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ के 60 विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों का दल तिब्बती समुदाय की सामाजिक परिस्थितियों का अध्ययन करने के लिए धर्मशाला के मैक्लॉडगंज रवाना हुआ। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर स्कूल ऑफ लॉ के निदेशक डॉ. प्रभुदान चारण ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराना और सामाजिक अनुसंधान की व्यावहारिक जानकारी देना है। डॉ. प्रभुदान चारण ने कहा कि विधि के विद्यार्थियों के लिए कानून की पढ़ाई के साथ समाज के विभिन्न वर्गों की परिस्थितियों, समस्याओं और चुनौतियों को समझना भी जरूरी है। इस प्रकार के अध्ययन से विद्यार्थियों को सामाजिक विषयों को व्यापक दृष्टिकोण से समझने का अवसर मिलता है।
समाजशास्त्री डॉ. सीमा जैन के निर्देशन में होने वाले इस सर्वेक्षण के दौरान विद्यार्थी मैक्लॉडगंज में रहने वाले तिब्बती समुदाय की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों का अध्ययन करेंगे। साथ ही समुदाय की आजीविका, जीवन स्तर, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों से जुड़े तथ्यों का संकलन किया जाएगा। सर्वेक्षण दल में सहायक निदेशक के रूप में डॉ. दुर्गा चौधरी, डॉ. अमित व्यास, डॉ. सुमन आरा, डॉ. दया प्रजापति और संकाय सदस्य आयुष शर्मा भी शामिल हैं। ये सभी सर्वेक्षण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
दल की रवानगी के अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थियों के परिजन मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को इस शैक्षणिक अध्ययन के लिए शुभकामनाएं दीं।









