


जयपुर। राजस्थान में राजकीय कर्मचारियों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ी खुशखबरी दी है। अब राजकीय कर्मचारियों का उच्च स्तरीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेना आसान हो गया है। अब इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले राजकीय कर्मचारियों की ना वेतन कटेगा और ना ही छुट्टियां कटेंगी। इसकी मंजूरी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दी है। अब राजकीय कर्मचारियों को ऑन ड्यूटी राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। राजस्थान आउट ऑफ द टर्न अपॉइंटमेंट टू स्पोर्ट्स मेडल विनर्स रूल्स, 2017 में संशोधन किया गया है। इस संशोधन के बाद राजकीय कर्मचारी ऑन ड्यूटी राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले सकेंगे। बता दें कि राजस्थान में जो खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता हैं और स्नातकोत्तर या स्नातक की योग्यता रखते हैं, उन्हें उनकी प्रथम वरीयता के अनुसार शासन सचिवालय तथा राजस्थान लोक सेवा आयोग में नियुक्ति दी गई है। सीएम अशोक गहलोत के इस आदेश के बाद खिलाड़ी राजकीय सेवा में कार्य करने के साथ-साथ अपनी खेल गतिविधियों को आसानी से जारी रख सकेंगे। साथ ही उनकी छुट्टियां और वेतन कटौती से राहत मिलेगा।