बीकानेर, 2 जून। बीकानेर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई लिमिटेड (बीकेईएसएल) की विजिलेंस टीम ने मंगलवार को शहर के जूनागढ़ किले के पास स्थित चोटिला कुआं क्षेत्र में एक होटल पर कार्रवाई करते हुए बिजली चोरी का मामला पकड़ा। सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर जांच की, जिसमें होटल परिसर में अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने की पुष्टि हुई। बीकेईएसएल के प्रवक्ता के अनुसार, विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई करते हुए होटल के खिलाफ 5.60 लाख रुपए की वीसीआर (विजिलेंस चेक रिपोर्ट) जारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी के मामलों में अधिनियम के तहत सख्त प्रावधान हैं और निर्धारित जुर्माना राशि जमा नहीं करने पर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। बीकेईएसएल ने उपभोक्ताओं से विद्युत नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की बिजली चोरी से बचने की अपील की है।





