बीकानेर: शहर के इस इलाके में घर में मिला कई दिन पुराना शव , बदबू आने पर हुआ खुलासा
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के आड़सर बास क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव उसके घर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय कुलदीप पुगलिया अपने मामा के घर में अकेला रहता था। मृतक अविवाहित था।
बताया जा रहा है कि पड़ोसियों को घर से तेज बदबू आने पर अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस और सामाजिक संस्था को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची।
घर का मुख्य गेट अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने गेट तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया। अंदर जाकर देखा तो कुलदीप पुगलिया चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा था। शव काफी पुराना होने के कारण शरीर फूल चुका था और उससे दुर्गंध आ रही थी।
पुलिस ने सामाजिक संस्था के सहयोग से शव को कब्जे में लेकर श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।






