बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद शहर में नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं की संख्या चिंता का विषय बनी हुई है। इसी बीच शुक्रवार को बीकानेर के कीर्ति स्तंभ चौराहे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक कथित रूप से नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर बेसुध नजर आ रहा है। वीडियो में युवक की स्थिति देखकर राहगीर भी हैरान दिखाई देते हैं। इस वीडियो ने एक बार फिर शहर में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों का कहना है कि केवल पुलिस कार्रवाई ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए आगे आना होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।