बीकानेर। जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में सोमवार देर रात एक घर-जमाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने लाठियों से मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मूलाराम पिछले कुछ समय से हंसेरा गांव में अपनी ससुराल में घर-जमाई के रूप में रह रहा था। सोमवार रात करीब 10 बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान मूलाराम के साथ लाठियों से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी पक्ष ही घायल मूलाराम को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। प्रथम दृष्टया पुलिस ने मृतक की पत्नी विद्या देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








