बीकानेर। जिले के जसरासर थाना क्षेत्र के मैनसर गांव में सुबह खेत पर कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस के अनुसार मैनसर निवासी असलम (17) पुत्र नसीरदीन सोमवार सुबह खेत पर कृषि कार्य करने गया था। सुबह करीब 10:15 बजे वह ट्यूबवेल का स्टार्टर स्विच चालू कर रहा था। इसी दौरान बरसाती मौसम के कारण वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल जसरासर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय बागड़ी जिला अस्पताल, नोखा की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता नसीरदीन की रिपोर्ट पर जसरासर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थाना प्रभारी (सीआई) आलोक सिंह कर रहे हैं।








