लूणकरणसर। स्टेट हाईवे-6ए पर कालू गांव के समीप मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर पड़े मृत पशु से बाइक टकरा जाने के कारण महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार सभी घायल डेलवा गांव में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लूणकरणसर लौट रहे थे। इसी दौरान कालू गांव के पास सड़क पर पड़े मृत पशु से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और सभी को चोटें आईं। हादसे में अशोक कुमार पुत्र गोपालराम, हिमांशु पुत्र लंकेश, भरत पुत्र गणेशाराम, सोमा देवी पत्नी लंकेश तथा ओमप्रकाश निवासी लूणकरणसर घायल हो गए। सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को लूणकरणसर उपजिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सोमा देवी और भरत को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। अस्पताल में राजू कायल, राकेश मूंड, हनुमान सिहाग सहित कई लोगों ने घायलों की सहायता की।








