बीकानेर/पोकरण। विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना को लेकर पोकरण स्थित ऐतिहासिक रामदेवसर तालाब के प्रसिद्ध मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण माह के तीसरे सोमवार, 17 अगस्त को भव्य अति महारुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में हरिद्वार से विशेष रूप से मंगवाए गए गंगाजल से 1500 से अधिक पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। आयोजन समिति से जुड़े पंडित राजेन्द्र किराडू ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में बीकानेर के 700 से अधिक विद्वान पंडित भाग लेंगे। सभी पंडित 16 अगस्त को 15 बसों के माध्यम से पोकरण पहुंचेंगे, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था जाट धर्मशाला में की गई है। आयोजन के पोस्टर का विमोचन बुधवार को श्रीधर महाराज के सान्निध्य में किया गया। श्रीधर महाराज ने बताया कि अति महारुद्राभिषेक भगवान शिव की प्रसन्नता एवं लोक कल्याण के लिए किया जाने वाला अत्यंत प्रभावशाली वैदिक अनुष्ठान है। इसमें 11 बार महारुद्र की आवृत्ति के साथ कुल 14,641 मंत्रों का जाप, रुद्राभिषेक और हवन किया जाता है। रुद्राष्टाध्यायी के मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग का दूध, दही, घी, शहद, पंचामृत और सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक किया जाता है।
हरिद्वार से आएगा 20 हजार लीटर गंगाजल
मुख्य यजमान नरेंद्र गांधी ने बताया कि आयोजन के लिए हरिद्वार से करीब 20 हजार लीटर गंगाजल टैंकर के माध्यम से 16 अगस्त को पोकरण पहुंचेगा। इसी गंगाजल से 1008 कलश भरकर भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा। इसके अलावा गन्ने के रस, पंचामृत, घी और दूध से भी विशेष अभिषेक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस महाअनुष्ठान में पोकरण, बीकानेर, फलोदी, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर सहित विभिन्न क्षेत्रों से रुद्रीपाठी एवं वैदिक विद्वान शामिल होंगे, जो यजुर्वेद के मंत्रों के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराएंगे।
पोस्टर विमोचन में रहे मौजूद
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में पं. अशोक ओझा, पं. अशोक बिस्सा, पं. मुकेश ओझा, संजय कुमार गांधी, पोकरण नगरपालिका चेयरमैन मनीष पुरोहित, पं. मुरलीधर पुरोहित, गायत्री प्रसाद शर्मा, यज्ञ प्रसाद शर्मा, पं. देवकीनंदन व्यास, रमेश किराडू, मनोज पुरोहित, श्यामसुंदर चूरा सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








