बीकानेर। जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बकरियों को पानी पिलाते समय एक युवक की कुंड में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस के अनुसार मेढ़ी का मगरा निवासी चंद्रवीर सिंह (पुत्र भोमसिंह राजपूत) बुधवार सुबह बकरियां चराने के लिए रोही गया था। शाम को लौटते समय वह बकरियों को एक कुंड पर पानी पिला रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुंड में गिर गया। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक के भाई देवीसिंह पुत्र भोमसिंह राजपूत ने बज्जू पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।







