बीकानेर। उदयपुर में आयोजित राज्यस्तरीय जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में बीकानेर के होनहार तैराक यशवीर सिंह मेड़तिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से बीकानेर के खेल जगत में खुशी की लहर है। यशवीर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच देवेंद्र पटवा के मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगी। संघ के सचिव शशांक ने बताया कि यशवीर की सफलता कठोर मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। वहीं, अध्यक्ष हीरालाल हर्ष ने यशवीर, उनके परिवार और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत साबित करती है कि सही प्रशिक्षण और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
संघ ने विश्वास जताया कि यशवीर सिंह मेड़तिया भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बीकानेर और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।







