बीकानेर। श्री पुष्करणा प्रन्यास, बीकानेर की प्रन्यास मंडल बैठक संरक्षक एवं समाजसेवी शंकरलाल पुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 26 अगस्त को मनाए जाने वाले पुष्करणा दिवस को भव्य, सामाजिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप देने के लिए पांच दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस वर्ष पुष्करणा दिवस के अवसर पर समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने, महिलाओं की उद्यमशीलता को बढ़ावा देने तथा सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पांच दिवसीय आयोजनों में प्रतिभा सम्मान समारोह, पुष्करणा महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं मेला, साहित्य गोष्ठी, कवि सम्मेलन तथा सम्मान समारोह प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इसके साथ ही 26 अगस्त को समाज के प्रत्येक घर में दीप प्रज्ज्वलित करने और आकर्षक रंगोली सजाने का भी आह्वान किया गया, ताकि पूरे समाज में उत्सव का माहौल बने।
बैठक में युवाओं और महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह आयोजन समाज में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक मूल्यों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। बैठक में प्रन्यास अध्यक्ष अनिल आचार्य, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र किराडू, सचिव अनिल पुरोहित, सुरेंद्र व्यास, प्रेमशंकर रंगा, महेंद्र चूरा, रासबिहारी जोशी, शशि व्यास, विजय भादाणी, अरुण आचार्य, बद्रीदास जोशी, आरती आचार्य, सेनुका हर्ष, राजकुमारी व्यास, सुमन ओझा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।








