बीकानेर। शहर के जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में युवक-युवतियां सवार थे, जो कथित रूप से शराब के नशे में थे। लापरवाही से दौड़ रही कार पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर नीम के पेड़ में जा घुसी। घटना रात करीब 11 बजे नागणेची मंदिर से घड़सीसर रोड के बीच हुई। बताया जा रहा है कि कार पवनपुरी मेन रोड से घड़सीसर की ओर जा रही थी और तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के दौरान कई बाइक सवार और पैदल राहगीर कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर स्थित शराब ठेके के कारण देर रात तक शराब की बिक्री होती है, जिससे क्षेत्र में नशे में धुत लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। उनका कहना है कि इसी वजह से इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस कार के नंबर के आधार पर वाहन मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।








