बीकानेर। सदर थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिले में सक्रिय एक बड़े एमडीएमए (MDMA) तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 105.34 ग्राम मादक पदार्थ के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹66,835 नकद, एक डिजिटल कांटा तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया है। मामले की जांच में अब तक कुल 20 लोगों को नामजद किया गया है, जिन्हें इस संगठित ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ा माना जा रहा है। बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुष्ठा कालिया तथा सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने भीनासर निवासी ताराचंद सारस्वत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 105.34 ग्राम एमडीएमए बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू की, जिसमें एक के बाद एक कई अहम कड़ियां सामने आईं। जांच में खुलासा हुआ कि यह कोई अकेला तस्कर नहीं, बल्कि बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में फैला एक संगठित ड्रग्स सिंडिकेट है। पुलिस ने अब तक 20 लोगों को नामजद किया है। वहीं, नेटवर्क को मादक पदार्थ की सप्लाई देने वाले नागौर और जोधपुर के दो प्रमुख सप्लायरों को भी राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीकानेर जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत यह पहली ऐसी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसमें केवल मादक पदार्थ की बरामदगी तक सीमित न रहकर तस्करी की पूरी सप्लाई चेन और नेटवर्क का खुलासा किया गया है। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन, सप्लाई चैन और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।








