बीकानेर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को देशनोक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। देशनोक उप-तहसील के पास एकत्रित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष बिश्नाराम सियाग भी अचानक मौके पर पहुंचे। बताया गया कि कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा पुतला दहन से रोकने और चेतावनी देने की सूचना मिलने पर उन्होंने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर देशनोक पहुंचने का निर्णय लिया।
मीडिया से बातचीत में सियाग ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब देशभर में NEET पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, तब देशनोक थाना प्रभारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुतला दहन नहीं करने देने की चेतावनी दे रही थीं। सियाग ने आरोप लगाया कि स्थानीय SHO निष्पक्षता से कार्य नहीं कर रही हैं। सियाग ने कहा कि उनकी मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर NEET पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।








