बीकानेर। तिलक नगर इलाके में चुनावी पेंपलेट डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पेंपलेट को लेकर पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और लाठियां चलने लगीं। अचानक हुई मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक युवक हाथ में लाठी लेकर दूसरे पक्ष पर हमला करता नजर आ रहा है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान और विवाद की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।









