बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को बीकानेर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो करेंगे। रोड शो को लेकर शनिवार को प्रशासन के साथ वार्ता के बाद रूट को अंतिम रूप दिया गया। देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का नाल हवाई अड्डे पर दोपहर 2:15 बजे आगमन होगा। इसके बाद 2:40 बजे पुष्करणा स्टेडियम से रोड शो शुरू होगा। मुख्यमंत्री का रोड शो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जूनागढ़ तक पहुंचेगा, जहां करीब 3:40 बजे रोड शो का समापन होगा। शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने बताया कि रोड शो का रूट पुष्करणा स्टेडियम, गोकुल सर्किल, नथूसर गेट, बारह गुवाड़, आचार्य चौक, तेलीवाड़ा, कोटगेट, केईएम रोड, सादुल सर्किल होते हुए जूनागढ़ तक रहेगा। रोड शो के समापन के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यकर्ताओं एवं आमजन को धन्यवाद संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 4:40 बजे लालगढ़ पैलेस में संगठनात्मक बैठक लेंगे। मुख्यमंत्री शाम 5 बजे बीकानेर से रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और पार्टी की ओर से इसे नगर निगम चुनाव प्रचार का प्रमुख कार्यक्रम माना जा रहा है।









