


बीकानेर। बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले में एक शादीशुदा महिला द्वारा दूसरी शादी रचाकर रुपए और संपत्ति अपने नाम करवाने के लिए धमकाने का मामले सामने आया है। पत्नी से परेशान पति ने सिटी थाने में मामला दर्ज करवाया हैं। दोनों की शादी तीन साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही महिला अपने पति को परेशान करने लगी। पति ने अपनी पत्नी के बारे में पड़ताल की तो, पता चला कि उसकी शादी साल 2006 में पहले भी हो चुकी हैं। श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ के वार्ड 27 निवासी विजय कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी शादी साल 2019 फरवरी में सूरतगढ़ की पूनम से हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन सब ठीक चला। इसके बाद पूनम और उसकी मां विजय को परेशान करने लगी। उसे धमकाने लगी कि या तो वह अपना प्लॉट उसके नाम कर दे या उसे पांच लाख रुपए दे। इसके साथ ही पूनम की एक्टिविटी पर भी विजय को शक हुआ। जब विजय ने इस बारे में पड़ताल की तो उसके वर्ष 2006 में ही शादी कर लेने की बात सामने आई। इस पर विजय ने सिटी पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने विजय से मामले की जानकारी ली। उनके बीच हुए विवाद के कारणों की जानकारी ली जा रही है।