


बीकानेर। जिले के शोभासर में दो युवकों की हत्या के मामले में रोचक तथ्य सामने आया है। दोनों पक्षों में दुश्मनी तो दूर जान पहचान तक नहीं थी। होली के रंग में दो पक्ष आमने-सामने हो गए और देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि चाकूओं से गोद डाला। वो भी एक नहीं बल्कि दो युवकों को मार दिया। इस घटना से पुलिस महकमे में ऐसा हडकंप मचा कि आज होने वाला होली समारोह भी स्थगित हो गया। पूरे जिले की पुलिस हत्या करने वालों को गिरफ्तार करने में जुटी है। वहीं, कुछ युवकों को बीछवाल पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीओ सदर पवन भदौरिया ने बताया कि दो जनों को पुलिस ने गिरफ्त में लिया है। इससे पहले मोर्चरी के आगे काफी संख्या में लोहार जाति के लोग एकत्र हो गए। गिरफ्तारी मांग करते हुए विरोध भी दर्ज कराया।
बीछवाल थानाधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कोई जान पहचान नहीं थी। बजरंग धोरा के पास रहने वाले लोहार परिवार के श्यामलाल लोहार (23) और गिरधारी लोहार (30) शोभासर में अपने मित्रों के साथ होली खेलने के लिए जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे रास्ते में कुछ लोगों ने रंग डाला तो उन्हें मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में अनबन हो गई।बात इतनी बढ़ गई कि शोभासर चौराहे पर कुछ युवकों ने मिलकर इनके पेट में चाकू घोंप दिया। दोनों के पेट में चाकू इतना अंदर गया कि आंते बाहर निकल गई। अत्यधिक खून बहने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस होली स्थगित
उधर, दो पक्षों में तनाव की आशंका के चलते पुलिस ने होली स्नेह मिलन समारोह स्थगित कर दिया। पुलिस अधीक्षक योगेश यादव खुद इस पूरे मामले को देख रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ युवकों को राउंड अप किया है। इनसे बीछवाल थाने में ही पूछताछ की जा रही है। अब तक की पूछताछ में इतना ही स्पष्ट हुआ है कि दोनों के बीच जो कुछ हुआ वो तात्कालिक था। दोनों में कोई पुराना विवाद या रंजिश नहीं थी। दोनों एक दूसरे को जानते तक नहीं थे।