बीकानेर। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए बीकानेर नगर निगम और नोखा नगर पालिका के सात वार्डों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। टिकट वितरण के साथ ही पार्टी ने संबंधित वार्डों में जनसंपर्क और चुनावी गतिविधियों को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। जिला अध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में चयनित उम्मीदवारों को पार्टी टिकट प्रदान किए गए। इस दौरान पार्टी महासचिव प्रोफेसर सलवीर समेजा एवं राजस्थान सहकारी त्रिलोकदीप सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बीकानेर नगर निगम में वार्ड संख्या 3 से त्रिलोक चंद, वार्ड 36 से संतोष, वार्ड 27 से एडवोकेट पवन पुरोहित, वार्ड 10 से मंगल प्रजापत तथा वार्ड 62 से माल सिंह पुरोहित को आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। वहीं नोखा नगर पालिका में वार्ड संख्या 8 से जुगल किशोर और वार्ड संख्या 16 से राजू गटानी को पार्टी ने चुनाव मैदान में उतारा है। कार्यक्रम में एडवोकेट हनुमान चौधरी, पवन ठाकुर, पूंसा महाराज और संजय पाल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि निकाय चुनाव में सड़क, पानी, सफाई, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट सहित स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। साथ ही नगर निकायों में पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी जनता के बीच जाएगी।








