बीकानेर, 10 जुलाई। रिडमलसर फोरलेन पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को रिडमलसर विकास मंच ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की गई।
प्रशासन ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान ग्राम पंचायत रिडमलसर में पूर्व अध्यक्ष जावेद मांगलिया एवं पूर्व उपसरपंच परवेज पंवार ने प्रभारी तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रिडमलसर सिपाहीयान चौराहा, मोहम्मद हुसैन पेट्रोल पंप से आगे गांव के फांटे तथा शुभम विहार कॉलोनी चौराहे के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की गई। ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी तहसीलदार ने मौके पर ही सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कनिष्ठ अभियंता (JEN) को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभाग की ओर से जल्द स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया गया।
जावेद मांगलिया ने बताया कि उक्त चौराहों पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें अब तक गांव के दो युवाओं की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर सुरक्षा उपायों की मांग की गई थी। विभाग ने इस कार्य के लिए 10 दिन का समय मांगा है और निर्धारित अवधि में स्पीड ब्रेकर बनवाने का भरोसा दिया है। रिडमलसर विकास मंच ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए कहा कि स्पीड ब्रेकर बनने से दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और ग्रामीणों का आवागमन अधिक सुरक्षित हो सकेगा।







